छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में कीटनाशक विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई, 9 लाइसेंस निरस्त; अकलतरा का आर. ट्रेडर्स सील

जांजगीर-चांपा जिले में कीटनाशक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। 9 लाइसेंस निरस्त, एक निलंबित और 48 को नोटिस जारी किया गया। अकलतरा में आर. ट्रेडर्स सील।

जांजगीर-चांपा। जिले में कीटनाशकों की बिक्री में नियमों के पालन को लेकर कृषि विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। उप संचालक कृषि के निर्देश पर जिला एवं विकासखंड स्तर के कीटनाशक निरीक्षकों द्वारा निजी कीटनाशक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

कृषि विभाग के अनुसार अब तक जिले में 9 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। वहीं एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित किया गया है, जबकि 48 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इन विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त

कार्रवाई के तहत मेसर्स आनंद ट्रेडर्स धनगांव, मेसर्स पटेल कृषि केन्द्र डोंगाकोहरौद, मेसर्स अनुग्रह कृषि केन्द्र तरौद, मेसर्स श्री कृषि केन्द्र जावलपुर, मेसर्स दया कृषि केन्द्र उच्चभिठी, मेसर्स आनंद ट्रेडर्स खैरताल, मेसर्स गुड्डू कृषि केन्द्र लछनपुर, मेसर्स साहू कृषि केन्द्र कोसा और मेसर्स विश्वकर्मा कृषि रक्षा केन्द्र कोसा के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।

इसके अलावा मेसर्स बालाजी कृषि, नैला-जांजगीर का लाइसेंस निलंबित किया गया है।

अकलतरा में आर. ट्रेडर्स का प्रतिष्ठान और गोदाम सील

इसी कार्रवाई के क्रम में 2 सितंबर 2026 को कीटनाशक निरीक्षण अकलतरा की टीम ने आर. ट्रेडर्स के विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कीटनाशक अनुज्ञप्ति में आवश्यक स्रोत प्रमाण पत्र का नवीनीकरण नहीं कराया जाना सामने आया।

नियमों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग द्वारा आर. ट्रेडर्स के विक्रय प्रतिष्ठान और गोदाम को सीलबंद करने की कार्रवाई की गई।

नियमों की अनदेखी पर आगे भी होगी कार्रवाई

उप संचालक कृषि, जांजगीर-चांपा ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना वैध लाइसेंस के कीटनाशकों की बिक्री अथवा लाइसेंसधारी विक्रेताओं द्वारा आवश्यक स्रोत प्रमाण पत्र का नवीनीकरण कराए बिना कीटनाशक बेचने जैसी अनियमितताओं को गंभीरता से लिया जाएगा।

विभाग की ओर से कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button