अकलतरा में शुष्क दिवस पर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,104 लीटर शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। 02 अक्टूबर को शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई की। अकलतरा पुलिस ने वार्ड क्रमांक 13 में दबिश देकर कथित रूप से घर के अंदर छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। मामले में पुलिस ने प्रकाश भारद्वाज, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 13 अकलतरा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी द्वारा अपने मकान के अंदर लोहे के कई दरवाजों के पीछे बने कमरे में शराब रखी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तलाशी कार्रवाई की और कमरे को खोलकर वहां रखी शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान देशी शराब, व्हिस्की और बीयर सहित विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की मात्रा 104 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹56,560 बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त ₹28,615 नकद और करीब ₹10,000 कीमत का वोल्टास कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया गया। पुलिस ने कुल जप्ती की कीमत ₹95,175 बताई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 593/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) और 39(ग) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 02 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन और अकलतरा एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





