स्कूल के मध्याह्न भोजन का 5 क्विंटल चावल चोरी, अकलतरा पुलिस ने किया खुलासा
चार विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई, अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का खुलासा।

जांजगीर-चांपा / जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर से मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना के लिए रखा गया 5 क्विंटल चावल चोरी होने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। चोरी किया गया पूरा चावल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मदर मेरी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके समूह द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन किया जाता है। स्कूल के एक कमरे में सुरक्षित रखे गए चावल को अज्ञात लोगों ने 9 और 10 जुलाई 2026 की रात चोरी कर लिया था।
शिकायत मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि चोरी किया गया चावल एक दुकान में बेच दिया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल साहू (36 वर्ष), निवासी संजय नगर, अकलतरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किया गया पूरा 5 क्विंटल चावल बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि चारों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।





