
प्रमुख बिंदु
- नासिक में ‘कैप्टन’ नाम से मशहूर 67 वर्षीय अशोक खरात पर 35 वर्षीय महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप।
- पुलिस ने आरोपी के पास से 58 महिलाओं के अश्लील वीडियो बरामद किए।
- आरोपी ने सम्मोहन और नशीले पदार्थों के जरिए महिलाओं का शारीरिक शोषण किया।
- राज्य सरकार ने IPS अधिकारी तेजस्विनी सातपुते के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
- आरोपी के फार्महाउस और दफ्तर से पिस्तौल, कारतूस और डिजिटल साक्ष्य बरामद।
नाशिक / महाराष्ट्र के नासिक में खुद को आध्यात्मिक गुरु और सिद्ध ज्योतिषी बताने वाले अशोक खरात के काले कारनामों का पर्दाफाश हुआ है। नासिक पुलिस ने 67 वर्षीय खरात को एक 35 वर्षीय महिला के साथ लगातार दुष्कर्म करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
ज्योतिष की आड़ में अपराध
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ज्योतिष और तंत्र-मंत्र का बहाना बनाकर महिलाओं को अपने हवस का शिकार बनाता था। वह अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करता और पीड़ितों को डराकर चुप रहने पर मजबूर करता था।
पुलिस की छापेमारी में आरोपी के पास एक पेन ड्राइव बरामद हुई, जिसमें लगभग 58 अलग-अलग महिलाओं के साथ किए गए अश्लील कृत्यों के वीडियो क्लिप्स थे। आरोपी ने अपने ऑफिस में गुप्त CCTV कैमरे भी लगाए थे।
जांच में यह भी पता चला कि खरात महिलाओं को वश में करने के लिए सम्मोहन और नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करता था। वह पीड़ितों को अपने ऑफिस बुलाकर सिर पर तांबे का कलश संतुलित करने को कहता और उसी दौरान उन्हें नशीली चीज़ सुंघा देता था। इसके बाद वह महिलाओं को उनके पति की अकाल मृत्यु या तंत्र-मंत्र के डर दिखाकर यौन उत्पीड़न करता था।
हाई-प्रोफाइल संपर्क और प्रॉपर्टी डीलिंग
मर्चेंट नेवी से रिटायर होने के कारण खुद को ‘कैप्टन’ कहने वाले खरात ने नासिक के पॉश इलाके कनाडा कॉर्नर में ‘ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स’ नाम से दफ्तर चलाया। बाहर से यह रियल एस्टेट ऑफिस लगता था, लेकिन वास्तविकता में यह अपराध और अंधविश्वास का केंद्र था।
अशोक खरात सिन्नर स्थित ईशान्याश्वर मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष भी था। उसके दरबार में बड़े राजनेता, फिल्मी सितारे और उद्योगपति आते थे। इसका फायदा उठाकर वह लंबे समय तक कानून की पहुंच से बचता रहा।
गिरफ्तारी का फिल्मी अंदाज
अशोक खरात की गिरफ्तारी के लिए नासिक क्राइम ब्रांच ने आधी रात को विशेष जाल बिछाया। पुलिस ने फार्महाउस घेरकर जोर-जोर से चोर-चोर चिल्लाया। शोर सुनकर जैसे ही खरात ने दरवाजा खोला, पुलिस ने उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान फार्महाउस से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद हुए।
विशेष जांच दल (SIT) IPS अधिकारी तेजस्विनी सातपुते के नेतृत्व में मामले की गहन जांच कर रही है।





