
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कटोरा तालाब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2.870 किलोग्राम गांजा, 114 ग्राम “ओसियन ग्रो गांजा” और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
यह पहली बार है जब रायपुर में “ओसियन ग्रो गांजा” की बरामदगी सामने आई है, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क के नए लिंक उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब के पास एक युवक नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) के निर्देशन में सिविल लाइन थाना टीम ने मौके पर दबिश दी।
मौके से संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान रितिक पसरिचा (26 वर्ष), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रायपुर के मोवा क्षेत्र में रह रहा था।
बरामद सामग्री का विवरण
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से निम्न सामग्री जब्त की गई—
- 2.870 किलोग्राम गांजा
- 114 ग्राम “ओसियन ग्रो गांजा”
- ₹3000 नगद
- एक एप्पल आईफोन
- प्लास्टिक जिपर पन्नियां
- दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹3,62,600 आंकी गई है।
दिल्ली से रायपुर तक फैला नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा मंगवाता था और रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस अब संबंधित कुरियर कंपनी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है और उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। संभावना है कि इस कार्रवाई से रायपुर में सक्रिय बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।





