छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2638 बोरी खाद जब्त, एक कृषि केंद्र सीलबंद

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त की। अनियमितता मिलने पर एक कृषि केंद्र को सीलबंद किया गया। किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी।

जांजगीर-चांपा, 30 मई 2026। जिले में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने विभिन्न निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर कुल 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त की गई।

IMG 20260530 WA0353 Console Crptech

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चांपा स्थित मेसर्स दिशा सेल्स में रासायनिक उर्वरकों के भंडारण और वितरण में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत 1150 बोरी एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल), 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पाउडर) और 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी उर्वरक पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बलौदा विकासखंड के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में छापेमार कार्रवाई के दौरान यूरिया की 98 बोरी, जिंकेटेड एसएसपी की 94 बोरी, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट की 70 बोरी और एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल) की 70 बोरी का अवैध भंडारण पाया गया। विभाग ने सभी उर्वरकों को जब्त करते हुए संबंधित विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button