नववर्ष में जांजगीर–चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 23 किलो गांजा बरामद, पुलिस आरक्षक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

5 दिनों में 3 अलग-अलग मामलों का खुलासा
जांजगीर–चांपा / नव वर्ष की शुरुआत के साथ ही जांजगीर–चांपा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बीते 05 दिनों के भीतर पुलिस ने 03 अलग-अलग मामलों में कुल 23 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 73 हजार रुपये बताई जा रही है। इन मामलों में एक पुलिस आरक्षक सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व परिवहन पर रोक लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में SDOP चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने 05 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान चंद्रशेखर साहू, निवासी सलखंड, थाना बसना, जिला महासमुंद (पदस्थ पुलिस आरक्षक) को एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मुख्य आरोपी आरक्षक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
इससे पूर्व, नववर्ष के पहले दिन शिवरीनारायण पुल चौक मेन रोड के पास से आरोपी संजय कश्यप और रघुनंदन रोहिदास के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। वहीं, 02 जनवरी 2026 को सायबर टीम जांजगीर ने बम्हनीडीह क्षेत्र से आरोपी राकेश बंजारे, निवासी कपिस्दा को 5 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था।
सभी आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।





