BILASPUR NEWS : बिलासपुर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 300 से अधिक संदिग्धों की जांच

बिलासपुर / जिले में कानून व्यवस्था को सदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने एक व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) राजेन्द्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में 300 से अधिक संदिग्धों की गहन जांच की गई।
तोरवा, तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग के दौरान बाहरी राज्यों से आए संदिग्ध व्यक्तियों एवं सक्रिय गुंडे-बदमाशों पर फोकस किया गया। कार्रवाई के तहत 20 से अधिक कुख्यात बदमाशों की भी पहचान और तस्दीक की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अधिकांश संदिग्ध पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, उत्तर परगना, मिदनापुर और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जगहों से बिलासपुर पहुंचे हैं। इन व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है. और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच ICJS पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। उनके फिंगरप्रिंट लेकर डाटाबेस में मिलान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए या जिनकी गतिविधियां आपत्तिजनक रही उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिलासपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। जिले से सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को गंभीरता से ले और अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें।
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।