Bilaspur News: नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिसर के पास तितली चौक स्थित नाले में एक अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाले में महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी गई है तथा गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि मृतका की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल तोरवा थाना पुलिस को सूचित करें।





