Breaking news

जांजगीर पुलिस का बड़ा एक्शन: 150 बाहरी मजदूरों की जांच, 130 संदिग्धों का दस्तावेज और फिंगरप्रिंट सत्यापन

जांजगीर-चांपा, 6 अगस्त 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आए मजदूरों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों के लगभग 50 पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्र के ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा सहित इंडस्ट्रियल एरिया एवं रेलवे स्टेशन के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आए लगभग 150 मजदूरों का सत्यापन किया गया। वहीं किराए के मकानों में रह रहे 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए कंट्रोल रूम लाया गया, जहां उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच और सत्यापन किया गया। भविष्य में अपराध नियंत्रण एवं पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button