छत्तीसगढ़

Breaking News: जांजगीर-चांपा में ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार, एंबुलेंस से ढोते थे चोरी का माल

17.30 लाख की संपत्ति जब्त, 06 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 10 से अधिक वारदातों का खुलासा

जांजगीर-चांपा | जांजगीर-चांपा पुलिस ने संगठित अपराध पर बड़ी चोट करते हुए ट्रांसफार्मर, कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के 06 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 17 लाख 30 हजार रुपये का चोरी का सामान एवं वाहन जब्त किया है।

चौंकाने वाला खुलासा यह है कि आरोपी चोरी का माल ले जाने के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस का रूप देकर पुलिस व आम लोगों को भ्रमित करते थे, ताकि किसी को संदेह न हो।

ट्रांसफार्मर से कॉपर चोरी की लगातार घटनाओं पर सख्त कार्रवाई

थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं SDOP चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं सतत निगरानी के आधार पर कार्रवाई की गई।

ऐसे करता था गिरोह वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले ट्रांसफार्मर व केबल की रेकी करता, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाता और फिर रात के समय पिक-अप वाहन व फर्जी एंबुलेंस से वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद कॉपर व एल्युमिनियम को कबाड़ में खपाया जाता था।

दर्ज मामले

13-14 जनवरी 2026 को रोड दुरपा के पास पुराने ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर चोरी, 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से करीब 200 किलो कॉपर वायर चोरी हुई थी इस संबंध में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता, संगठित अपराध की धारा जोड़ी

आरोपियों ने मुलमुला, अकलतरा, बलौदा बाजार और बिलासपुर जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है। लगातार आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए आरोपियों पर धारा 111 BNS (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (मुख्य आरोपी), उम्र 26 वर्ष
  2. संतोष भास्कर, उम्र 38 वर्ष
  3. वीरेन्द्र सुमन, उम्र 39 वर्ष
  4. राज आर्यन वानी उर्फ छोटू, उम्र 20 वर्ष
  5. अमन रात्रे, उम्र 20 वर्ष
  6. राज आर्यन उर्फ रोहित वानी, उम्र 21 (वर्ष सभी आरोपी थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के निवासी)

जप्त सामग्री

ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम वायर, 04 मोबाइल फोन, छोटा हाथी वाहन (CG-10 AS-5452), बोलेरो एंबुलेंस (CG-10 AT-5255), कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस, जिसकी कुल कीमत: ₹17,30,000/

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिवरीनारायण थाना स्टाफ — सउनि आर.पी. बघेल, नरेन्द्र शुक्ला, प्रआर विरेन्द्र टण्डन सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button