IPS रतन लाल डांगी निलंबित, वायरल फोटो के बाद सरकार की बड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने के बाद छवि धूमिल, अखिल भारतीय सेवा नियमों के तहत जांच शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कदम उनके कथित आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उठाया गया है। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि डांगी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था। उन पर नैतिकता और सेवा नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने के आरोप लगे हैं।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि उनकी गतिविधियां सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुईं, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। इस आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
फिलहाल, रतन लाल डांगी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी।
सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।





