
रायपुर / छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 09 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। पहला हादसा बलौदाबाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। वहीं दूसरा हादसा जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

बलौदाबाजार में ट्रक-बस की टक्कर
जानकारी के अनुसार रायपुर से बिलासपुर जा रही RBS बस सिमगा क्षेत्र के दलचूरा चौक के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े यात्रियों को देखकर बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं 10 से 12 यात्री घायल हो गए।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जशपुर में बस पलटने से 5 की मौत
इसी बीच जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के गोडाअंबा गांव के पास एक और बड़ा हादसा हुआ। यहां झारखंड से कुनकुरी जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पताल रेफर किया गया है। बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।





