छत्तीसगढ़

CG School News: छत्तीसगढ़ में स्कूल 16 जून से ही खुलेंगे, तारीख बढ़ने का वायरल आदेश फर्जी

छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख बढ़ने का सोशल मीडिया पर वायरल आदेश फर्जी निकला। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी स्कूल 16 जून 2026 से ही खुलेंगे।

रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ में स्कूलों के खुलने की तारीख आगे बढ़ाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित आदेश को स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरी तरह फर्जी बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही खुलेंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र में स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने का दावा किया जा रहा है, जबकि विभाग की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे भ्रामक और अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें तथा केवल आधिकारिक आदेशों को ही मान्य मानें।

फर्जी आदेश की होगी जांच

शिक्षा मंत्री ने बताया कि वायरल दस्तावेज की जांच कराई जा रही है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा फर्जी आदेश तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

16 जून को होगा शाला प्रवेश उत्सव

स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर में 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।

विभाग के निर्देशानुसार शाला प्रवेश उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर, रैली और मुनादी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और पालकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

स्कूलों की तैयारियां पूरी करने के निर्देश

शिक्षा विभाग ने स्कूल खुलने से पहले सभी शैक्षणिक संस्थानों में साफ-सफाई, मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल परिसर को आकर्षक बनाने और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

इसके अलावा कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा प्राथमिक विद्यालयों से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की जानकारी लेकर उन्हें कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को भी पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

शिक्षकों को तीन माह का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने के निर्देश

विभाग ने जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित मामलों के निराकरण के लिए शिविर लगाने की बात कही है। साथ ही शिक्षकों को आगामी तीन महीनों का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button