Chhattisgarh: एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने निकली छत्तीसगढ़ की बेटी, CM विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं
9 अप्रैल को काठमांडू के लिए होंगी रवाना, माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने का संकल्प

रायपुर, 6 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने के मिशन पर निकल रही हैं। उनके इस साहसिक अभियान को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने अमिता श्रीवास से बातचीत की और उनके हौसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि 9 अप्रैल को अमिता काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से उनका एवरेस्ट अभियान शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रयास नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। अमिता श्रीवास का यह अभियान भी युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।
गौरतलब है कि अमिता श्रीवास इससे पहले वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर माउंट किलिमंजारो को फतह कर अपनी क्षमता का परिचय दे चुकी हैं। अब उनका लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस अभियान में सफलता हासिल करेंगी और देश का गौरव बढ़ाएंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।





