छत्तीसगढ़

बिलासपुर की शिविका पांडेय बनीं राज्य स्तरीय स्केटिंग चैंपियन, चोट के बावजूद जीता गोल्ड

बिलासपुर, 12 मई 2026। छत्तीसगढ़ की उभरती हुई स्केटिंग खिलाड़ी शिविका पांडेय ने अपनी शानदार प्रतिभा और मजबूत हौसले से राज्यभर में बिलासपुर का नाम रोशन किया है। रायपुर के सरोना स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल के स्केटिंग ग्राउंड में 9 और 10 मई 2026 को आयोजित प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स रैंकिंग चैंपियनशिप में शिविका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल स्टेट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

चोट के बाद भी नहीं मानी हार

प्रतियोगिता के दौरान 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की ट्वॉय इनलाइन स्केट स्पर्धा में भाग लेते समय 9 मई को आयोजित 400 मीटर रेस में शिविका गंभीर रूप से चोटिल हो गई थीं। चोट के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और रेस पूरी करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

इसके बाद 10 मई को आयोजित 200 मीटर रेस में दर्द और चोट के बावजूद शिविका ने शानदार वापसी की और स्वर्ण पदक जीतकर सभी को प्रभावित कर दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अपने आयु वर्ग की ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।

बिलासपुर की बेटी ने बढ़ाया गौरव

शिविका पांडेय बिलासपुर के बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 6वीं की छात्रा हैं। वह रॉयल स्केटिंग क्लब, बिलासपुर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और खेल जगत में खुशी का माहौल है।

चिकित्सक परिवार से है संबंध

शिविका के माता-पिता चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनकी माता डॉ. श्वेता पांडेय आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं, जबकि पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय महाविद्यालय, बिलासपुर में बालरोग विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

परिवार के अनुसार शिविका नियमित रूप से आयुर्वेदिक स्वर्ण प्राशन से भी जुड़ी रही हैं। डॉ. विद्या भूषण पांडेय बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वर्ण प्राशन शिविरों का आयोजन भी करते रहते हैं।

Related Articles

Back to top button