Crimeछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH CRIME NEWS : कलयुगी बेटे ने पिता को कुल्हाड़ी से काट डाला, जानें पूरा मामला

Crime

कोंडागांव / जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जहां नशे की हालत में बेटे ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी का विवाद हो रहा था, तो पिता समझाइश दे रहा था। अपनी बहू का पक्ष ले रहा था, जिससे गुस्साए बेटे ने हत्या कर दी। पूरा मामला केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम रावबेड़ा का है।

मिली जानकारी के अनुसार, बेटे मानकू परचापी ने पिता बज्जू परचापी के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल को कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। आरोपी बेटा वारदात को अंजाम देने के बाद गांव छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले पुलिस ने आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मानकू परचापी ने पूछताछ में बताया कि 16 फरवरी की रात पत्नी असमोतीन बाई के साथ उसकी लड़ाई हो रही थी, तभी पिता पहुंचे और उसकी पत्नी की तरफदारी करने लगे। यह बात उसे नागवार गुजरी और घर में रखे कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात के बाद कुल्हाड़ी को छिपा दिया था।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

 

Related Articles

Back to top button