
गांजा तस्करी का भंडाफोड़
महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर एक बड़ी गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया। पुलिस ने 5 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 281.900 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की। साथ ही, आरोपियों की कुल संपत्ति 2 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक की बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र के सतारा और सोलापुर जिले के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, तस्कर ओडिशा के फुलवानी से गांजा लाकर महाराष्ट्र के पुणे में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने NH-53 पर घेराबंदी कर आरोपियों को रेहटीखोल के पास दबोच लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की साझा प्रयास का नतीजा है और राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी नज़र बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





