Chhattisgarh News : 17 व्यापारियों से 13 लाख रुपए का 622 क्विंटल पुराना धान जब्त

मंडी अधिनियम के तहत खाद्य विभाग ने अवैध भंडारण पर की कार्रवाई; धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी।
रायपुर / छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले भर में थोक और चिल्हर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच में 17 व्यापारियों के यहां पुराने धान का प्रकरण दर्ज किया गया और कुल 622.80 क्विंटल धान जब्त किया गया, जिसकी मंडी उपज अधिनियम के तहत अनुमानित कीमत ₹13,02,120 आंकी गई। सभी प्रकरण मंडी अधिनियम के अंतर्गत विधिवत दर्ज किए गए हैं।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि यह जांच धान खरीदी पूर्ण होने तक जारी रहेगी, ताकि रबी फसल का पुराना धान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के धान में मिश्रित न हो और सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग न हो। वैध किसानों और पंजीकृत उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी और निष्पक्ष धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।
जिले में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। 66 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में 1,07,214 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा। अब तक 2,238 किसानों से 1,01,127 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी पूरी की जा चुकी है। प्रत्येक खरीदी केंद्र में टोकन, बारदाना, परिवहन और भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है, ताकि सभी किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर लाभ मिल सके।





