छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: जिला पंचायत सीईओ ने लोहरसी, धरदेई व मेउभाटा में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण कार्यों का किया निरीक्षण

आजीविका डबरी निर्माण, रोजगार–आवास दिवस एवं 90 दिवस की मजदूरी का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश

जांजगीर–चांपा / जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण एवं महात्मा गांधी नरेगा के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का दौरा कर योजनाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने लोहरसी, धरदेई एवं मेउभाटा ग्रामों में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का स्थल पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की स्थिति, गुणवत्ता एवं मजदूरी भुगतान से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

90 दिवस की मजदूरी अनिवार्य रूप से दिलाने के निर्देश

सीईओ रावटे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के सभी हितग्राहियों को 90 दिवस की अकुशल श्रमिक मजदूरी का लाभ अनिवार्य रूप से दिया जाए तथा आवास निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि आवास योजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इससे जुड़े रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए।

आजीविका डबरी निर्माण पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मांग के आधार पर तकनीकी मापदंडों के अनुरूप आजीविका डबरी निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हितग्राहियों के लिए आजीविका संवर्धन योजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया गया।

रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के व्यापक प्रचार के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ ने प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के अवसर पर हितग्राहियों से क्यूआर कोड स्कैन कराते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि लोग योजनाओं के प्रति जागरूक हों और अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को हितग्राहियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने, नियमित निगरानी करने एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button