छत्तीसगढ़

CHHATTISGARH NEWS: गिरफ्तारी के बाद एसडीएम करुण डहरिया निलंबित

रायपुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी के एसडीएम (अनुविभागीय अधिकारी राजस्व) करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हत्या के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद की गई है।

क्या है पूरा मामला?

जारी शासकीय आदेश के अनुसार, कुसमी क्षेत्र के ग्राम हंसपुर, थाना कोरंधा में बॉक्साइट के अवैध परिवहन की सूचना पर जांच के लिए गई टीम के दौरान विवाद और मारपीट की घटना हुई। इस घटना में 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश रेहड़ा की मौत हो गई।

इस मामले में थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

16 फरवरी को हुई गिरफ्तारी

आदेश में उल्लेख है कि एसडीएम करुण डहरिया को 16 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा गया है।

शासन का बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(2)(क) के तहत करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव द्वारा जारी किया गया है।

प्रशासनिक हलकों में हलचल

एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की गिरफ्तारी और निलंबन के बाद प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में हलचल मच गई है। इस पूरे मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Back to top button