छत्तीसगढ़

तमिलनाडु से मुक्त कराए गए 41 श्रमिकों की सकुशल वापसी, बिलासपुर स्टेशन पहुंचकर अधिकारियों ने जाना हालचाल, बसों से गृह ग्राम के लिए किया रवाना

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से मुक्त कराए गए जांजगीर-चांपा के 41 श्रमिक और उनके परिवार सुरक्षित रूप से बिलासपुर पहुंचे। जिला प्रशासन ने भोजन और गृह ग्राम तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

जांजगीर-चांपा, 04 जून 2026। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से मुक्त कराए गए जांजगीर-चांपा जिले के 41 श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों की सकुशल वापसी हो गई है। सभी श्रमिक सुरक्षित रूप से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां जिला प्रशासन की टीम ने उनका स्वागत करते हुए हालचाल जाना और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

IMG 20260604 WA0399 Console Crptech

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर श्रमिकों से मुलाकात की। इस दौरान श्रमिकों की यात्रा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई तथा उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद सभी श्रमिकों और उनके परिवारजनों को उनके गृह ग्राम तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

गौरतलब है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में बंधक जैसी परिस्थितियों में रह रहे जांजगीर-चांपा जिले के श्रमिकों को प्रशासनिक समन्वय और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से मुक्त कराया गया था। श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी और समन्वय बनाए हुए था।

जिला प्रशासन ने श्रमिकों की सकुशल वापसी को प्राथमिकता देते हुए उनके परिवहन, भोजन और गृह ग्राम तक पहुंचने की संपूर्ण व्यवस्था की, जिससे सभी श्रमिक सुरक्षित रूप से अपने परिवारों के बीच लौट सके।

Related Articles

Back to top button