
रायपुर / छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईपीएस प्रखर पांडेय का आज दोपहर करीब 4:15 बजे निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें भिलाई में अचानक हृदयघात आया था, जिसके बाद 5 तारीख से रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। अपने सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
वे पूर्व में कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव में उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य किया।
उनके आकस्मिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।





