मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी सुनी। पीएम मोदी ने तकनीकी, कृषि और सामाजिक जागरूकता पर महत्वपूर्ण संदेश दिए।

रायपुर / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का श्रवण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

‘मन की बात’ से देशभर में सकारात्मक पहल
मुख्यमंत्रीसाय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरक प्रयासों और असाधारण उपलब्धियों को सामने लाने वाला मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम समाज में सेवा, नवाचार और सहभागिता की भावना को मजबूत करता है और हर माह जनता इसके प्रसारण का बेसब्री से इंतजार करती है।
भारत की तकनीकी और नवाचार क्षमता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और भविष्य की संभावनाओं का उल्लेख किया। हाल ही में दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी शक्ति को विश्व स्तर पर सराहा गया। भारत में ‘मेड इन इंडिया’ के तीन AI मॉडल लॉन्च होना देश की नवाचार क्षमता का प्रमाण है।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तकनीकी नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कृषि और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान
प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और भारत विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के किसानों की मेहनत, वैज्ञानिक अनुसंधान और सरकार की नीतियों का अहम योगदान है।
स्वास्थ्य, मानवता और डिजिटल सुरक्षा पर संदेश
प्रधानमंत्री ने अमूल के माध्यम से डेयरी और पशु चिकित्सा में AI उपयोग, ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण और अनुवाद का उल्लेख किया।
उन्होंने केरल की 10 माह की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान का उदाहरण देते हुए मानवता की मिसाल बताया। इसके साथ ही डिजिटल फ्रॉड और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
खेल, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता
प्रधानमंत्री ने T20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धियां, राष्ट्रपति भवन में राजाजी उत्सव, परीक्षार्थियों के लिए आत्मविश्वास के संदेश और रमजान एवं होली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ का हर एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश के बढ़ते कदमों का उदाहरण है और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।





