मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में

रायपुर, 26 मई 2026। विष्णुदेव साय आज नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए। यह पुस्तक नरेंद्र मोदी के साथ शिवराज सिंह चौहान के सार्वजनिक जीवन, आत्मीय संबंधों और कार्य अनुभवों पर आधारित है।

पुस्तक में नेतृत्व, जनसेवा, संगठनात्मक अनुभव और व्यक्तिगत संवेदनाओं को प्रेरक एवं भावनात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम में देशभर के कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुस्तक के प्रकाशन पर श्री शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से समाज तक पहुंचाना एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी को जनसेवा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, जनसेवा और संवेदनशील नेतृत्व की नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों पर आधारित यह पुस्तक पाठकों को प्रेरित करेगी और समाजसेवा के विभिन्न आयामों को समझने में मददगार साबित होगी।





