छत्तीसगढ़

बिलासपुर ट्रेन हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया गहरा शोक

कलेक्टर से ली विस्तृत जानकारी, घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद के दिए निर्देश

रायपुर / बिलासपुर जिले के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दु:खद और पीड़ादायक बताया, साथ ही कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री साय ने दूरभाष पर बिलासपुर जिला कलेक्टर से बातचीत कर दुर्घटना की विस्तृत जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (X)’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से जारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नज़र बनाए हुए है तथा सभी आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Related Articles

Back to top button