बरगद की छांव में सजी मुख्यमंत्री की चौपाल, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, नगर पंचायत और बैंक शाखा खोलने की बड़ी घोषणा

सक्ती जिले के ग्राम ठठारी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। ठठारी को नगर पंचायत बनाने, बैंक शाखा खोलने और आरती घाट निर्माण की घोषणा की।
सक्ती। सुशासन तिहार के तहत सक्ती जिले के ग्राम ठठारी पहुंचे मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने चतुर्भुज तालाब पार स्थित विशाल बरगद के पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। खुले वातावरण में आयोजित इस चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

सुशासन तिहार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जल्द शुरू होगी अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था होगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की गई है, जिसके तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
सूर्यघर योजना और तीर्थ दर्शन योजनाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी का लाभ लेकर उपभोक्ता अपने बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं। उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।
ठठारी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों की मांगों को सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरती घाट निर्माण की घोषणा की। साथ ही ठठारी में बैंक शाखा खोलने की स्वीकृति देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देशित करते हुए कहा कि ठठारी को नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में ठठारी को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को भी मंजूरी देने की घोषणा की गई।
जनता और शासन के बीच संवाद ही सुशासन की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ जनता और शासन के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। जब जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बरगद की छांव में आयोजित यह जनचौपाल ग्रामीणों के लिए यादगार अवसर बन गई, जहां उन्हें अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का मौका मिला।





