छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, किसानों को जागरूक करेगा कृषि रथ

किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

जांजगीर-चांपा, 7 मई 2026। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती और शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 5 मई से 20 मई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जागरूकता रथ के माध्यम से कृषि विभाग की टीम प्रत्येक विकासखंड के गांव-गांव पहुंचकर किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, हरी खाद, जैव उर्वरक, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी देगी। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, पीएम आशा योजना एवं फसल विविधिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने और आधुनिक कृषि तकनीकों से उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए जाएंगे।

अभियान में कृषि एवं समवर्गीय विभागों के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के विषय विशेषज्ञ भी शामिल रहेंगे। विशेषज्ञों की टीम गांवों में पहुंचकर किसानों को प्रत्यक्ष मार्गदर्शन देगी और दलहन, तिलहन सहित अन्य फसलों के उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर जानकारी साझा करेगी।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक खेमादास महंत सहित कृषि एवं समवर्गीय विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button