कांग्रेस सांसद के भतीजे ने पत्नी को मारी गोली, फिर खुद भी कर ली आत्महत्या, दो महीने पहले हुई थी शादी

दिल दहला देने वाली घटना
नेशनल डेस्क, अहमदाबाद।
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है। कांग्रेस से राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल के भतीजे यशराज सिंह गोहिल ने अपनी पत्नी राजेश्वरी गोहिल को गोली मार दी, इसके बाद खुद को भी शूट कर लिया। इस घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई।
मृतक यशराज सिंह गोहिल गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में क्लास-1 अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। दोनों की शादी को महज दो महीने ही हुए थे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात यशराज और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान यशराज ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से राजेश्वरी पर गोली चला दी, जो सीधे उनके गले में लगी। फायरिंग के तुरंत बाद यशराज ने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय यशराज की मां घर के दूसरे कमरे में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें इस वारदात की जानकारी एम्बुलेंस टीम के पहुंचने के बाद हुई।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही इमरजेंसी टीम फ्लैट से बाहर निकली, यशराज दूसरे कमरे में गया और उसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से पहले यशराज ने एंबुलेंस टीम को बताया था कि उससे गलती से पिस्टल चल गई, जिससे गोली उसकी पत्नी को लग गई। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
विदेश घूमने की बना रहे थे योजना
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि यशराज हाल ही में मैरीटाइम बोर्ड की परीक्षा पास कर चुका था और UPSC की तैयारी कर रहा था। दंपती खुशहाल जीवन जी रहे थे और जल्द ही विदेश यात्रा की योजना बना रहे थे।
उन्होंने यह भी बताया कि यशराज को अपनी रिवॉल्वर से खेलने की आदत थी।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
शक्ति सिंह गोहिल, लिम्दा रियासत के छठे राजा हरिश्चंद्र रणजीत सिंह गोहिल के पुत्र हैं। वे 1990 से 2020 तक पांच बार विधायक रहे, कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे और वर्ष 2020 में राज्यसभा सांसद बने। 2022 में वे गुजरात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी रहे।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





