D.El.Ed 2026 Exam: 4 जून को होगी डीएलएड परीक्षा, जांजगीर-चांपा के 19 केंद्रों में 5569 अभ्यर्थी होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा, 2 जून 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा डीएलएड (D.El.Ed.26) प्रवेश परीक्षा का आयोजन 4 जून 2026 को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 5569 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी व्यापम परीक्षा ने बताया कि सभी अभ्यर्थी परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के आधार पर सत्यापन किया जा सके।
परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा केंद्र में हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आएं।
- काला, गहरा नीला, गहरा हरा, जमुनी, मैरून, बैंगनी और गहरा चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
- धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा।
- फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी।
- कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित रहेगा।
- मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाना पूरी तरह निषिद्ध है।
- परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता निरस्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।
परीक्षा संचालन को लेकर प्रशासन ने सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





