छत्तीसगढ़

एक ही पेड़ से लटकी मिली 40 वर्षीय महिला और 25 वर्षीय युवक की लाश, इलाके में सनसनी

खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दोनों शव, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

CG News

बालोद / छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला और एक युवक के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले। यह घटना रविवार सुबह की है, जब खेत से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर दोनों शवों पर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संतोषी यादव और 25 वर्षीय थलेश खरांशु के रूप में हुई है। दोनों अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के गबदी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। महिला विवाहित थी और उसका एक 19 वर्षीय बेटा भी है।

रिश्ते को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच किसी प्रकार का संबंध हो सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के दौरान पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है।

पुलिस कर रही गहन जांच
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button