छत्तीसगढ़

अकलतरा में चोरी की झूठी रिपोर्ट का खुलासा: व्यापारी ने खुद छिपाए थे 3.15 लाख रुपये, पुलिस जांच में सामने आया सच

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में कथित चोरी की एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस मामले को पहले स्कूटी की डिक्की से लाखों रुपये की चोरी बताया जा रहा था, वह दरअसल एक व्यापारी द्वारा रची गई झूठी कहानी निकली। पुलिस की गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। व्यापारी ने उधारी और पारिवारिक दबाव के कारण खुद ही 3 लाख 15 हजार 746 रुपये छिपा दिए थे और चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, ग्राम तरौद निवासी चिराग अग्रवाल ने 4 जून 2026 को थाना अकलतरा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह होलसेल किराना व्यवसाय करता है। उसने बताया कि कमला नारायण राइस मिल से धान बिक्री की रकम 3,15,746 रुपये लेकर स्कूटी की डिक्की में रखकर घर लौट रहा था।

रास्ते में वह शास्त्री चौक स्थित मेडिकल स्टोर और अन्य स्थानों पर रुका। घर पहुंचने पर उसने दावा किया कि स्कूटी की डिक्की से पूरी रकम गायब हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोल दी पोल

मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल और रास्ते के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच में कहीं भी चोरी जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।

पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक, पेट्रोल पंप कर्मियों और अन्य संभावित गवाहों से भी पूछताछ की। सभी के बयान शिकायतकर्ता के दावे से मेल नहीं खा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि व्यापारी के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं थी।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में कबूला सच

पुलिस को शिकायतकर्ता की कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान व्यापारी टूट गया और उसने स्वीकार कर लिया कि उसने चोरी की झूठी कहानी बनाई थी।

चिराग अग्रवाल ने बताया कि उस पर कुछ उधारी थी और घरवालों को इसकी जानकारी थी। पैसों के संबंध में सवाल-जवाब और पारिवारिक दबाव से बचने के लिए उसने पूरी रकम अपने पास रख ली और चोरी की फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी।

पूरी रकम बरामद

पुलिस ने आरोपी व्यापारी की निशानदेही पर 3 लाख 15 हजार 746 रुपये बरामद कर लिए हैं। रकम को विधिवत जब्त कर लिया गया है।

झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में व्यापारी के खिलाफ पृथक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने की टीम की सराहना

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में किया गया। जांच में थाना अकलतरा के निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया तथा साइबर सेल के निरीक्षक सागर पाठक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button