एग्रीकल्चर

दलहन-तिलहन की खेती पर मिलेगा 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन, किसानों को फसल विविधीकरण के लिए सरकार का बड़ा फैसला

राज्य सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। धान के स्थान पर दलहन, तिलहन सहित अन्य खरीफ फसलों की खेती करने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।

रायपुर। किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने आगामी खरीफ सीजन से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सरकार ने धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि देने की घोषणा की है।

कृषक उन्नति योजना के तहत पहले से ही मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, दलहन, तिलहन एवं कपास जैसी खरीफ फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, जो किसान धान की जगह इन वैकल्पिक फसलों की खेती करेंगे, उन्हें 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि मिलेगी।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक पर पंजीयन कराना होगा। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे में रकबे की पुष्टि होने के बाद पात्र किसानों के बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।

पंजीयन कराना होगा अनिवार्य

सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। किसान यह पंजीयन अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से करा सकते हैं।

फसल विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा

सरकार के इस फैसले से किसानों को पारंपरिक धान खेती के अलावा दलहन, तिलहन और अन्य नकदी फसलों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलेगी। इससे खेती की लागत कम होने के साथ किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Back to top button