महिला अधिवक्ता की हत्या, अर्धनग्न मिली लाश, SSP ऑफिस पहुंचकर वकीलों ने की आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग

रायगढ़/ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला अधिवक्ता की अर्धनग्न लाश मिलने के मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। घटना के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने रैली निकालकर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जंगल में मिली थी महिला वकील की लाश
मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमिडीह का है। जानकारी के अनुसार 19 मई मंगलवार को गांव के जंगल में डैम किनारे एक युवती की अर्धनग्न लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को शव के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं मृतिका के शरीर से कपड़े भी गायब थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में महिला अधिवक्ता होने की पुष्टि
जांच के दौरान मृतिका की पहचान महिला अधिवक्ता के रूप में हुई। इसके बाद पूरे जिले में मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस आसपास के ग्रामीणों, परिचितों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है।
अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसएसपी से की मुलाकात
घटना के विरोध में शुक्रवार को जिलेभर के अधिवक्ताओं ने रैली निकाली और पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर मामले में शामिल आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
एसएसपी ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या से पहले मारपीट की आशंका
पुलिस शुरुआती जांच में आशंका जता रही है कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं सोशल मीडिया पर भी आरोपी को फांसी जैसी कड़ी सजा देने की मांग तेज हो गई है।





