छत्तीसगढ़

जांजगीर में 89 स्कूल बसों की फिटनेस जांच, 10 वाहन चालकों पर कार्रवाई, बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान

जांजगीर-चांपा में नए शैक्षणिक सत्र से पहले 89 स्कूल बसों और वैनों की फिटनेस जांच की गई। नियम उल्लंघन पर 10 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

जांजगीर-चांपा, 20 जून 2026। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन जांच शिविर का आयोजन किया। पुलिस लाइन खोखरा भांठा जांजगीर में आयोजित इस अभियान के दौरान 89 स्कूल बसों और वैनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में सभी स्कूली वाहनों का पंजीयन कर 16 निर्धारित बिंदुओं पर तकनीकी और भौतिक निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, चालक लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुरक्षा सुविधाओं की भी जांच की गई।

10 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 7 हजार रुपये जुर्माना

निरीक्षण के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला परिवहन विभाग द्वारा इन चालकों से कुल 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

चालकों और हेल्परों का स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वाहन चालकों और हेल्परों का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच भी की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चालकों की फिटनेस का आकलन कर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि आगामी जांच शिविरों में कमियां मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में आरटीओ प्रदीप शर्मा, जिला परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button