छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा: स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का चौथा आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख से अधिक का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा / जिले की चांपा पुलिस को स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह के फरार आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चांपा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा के संकुल केंद्र में चोरी की घटना हुई थी। मामले की शिकायत स्कूल के प्राचार्य नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद था। अवकाश के बाद स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट, कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर और सर्किट बोर्ड समेत कई सामान गायब थे। चोर खिड़की की रॉड तोड़कर स्कूल के अंदर घुसे थे।

मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही आरोपी यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई उपकरण, प्रोजेक्टर, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल 1,03,200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों आरोपियों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

वहीं मामले में फरार चल रहे आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके घर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button