श्रमिकों के बच्चों के लिए डॉक्टर बनने का सुनहरा मौका, ESIC मेडिकल कॉलेजों में 700 सीटें आरक्षित
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून 2026 तक बढ़ी, NEET UG के जरिए मिलेगा प्रवेश

रायपुर, 28 मई 2026। छत्तीसगढ़ के संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के 20 प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों के लिए बीमित श्रमिकों के बच्चों हेतु 700 सीटें आरक्षित की हैं।
श्रमायुक्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आरक्षित सीटों पर प्रवेश NEET UG 2026 परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले 31 मई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 21 जून 2026 कर दिया गया है।
पात्र विद्यार्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट ESIC Official Website पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रतिभावान छात्रों को मिलेगा बेहतर अवसर
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष आरक्षण नीति का मुख्य उद्देश्य संगठित क्षेत्र के श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को उच्च और गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध कराना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामान्य पृष्ठभूमि के छात्र भी डॉक्टर बनने का सपना साकार कर सकेंगे।
महत्वपूर्ण जानकारी
- कुल आरक्षित सीटें – 700
- मेडिकल कॉलेज – देशभर के 20 ESIC मेडिकल कॉलेज
- प्रवेश का आधार – NEET UG मेरिट
- आवेदन की अंतिम तिथि – 21 जून 2026
- आवेदन प्रक्रिया – ऑनलाइन
हेल्पलाइन नंबर जारी
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी एवं अभिभावक टोल फ्री नंबर 1800-11-2526 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी ESIC शाखा या राज्य स्तरीय क्षेत्रीय कार्यालय से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
श्रमायुक्त कार्यालय ने प्रदेश के सभी श्रमिक परिवारों से अपील की है कि वे इस योजना की जानकारी अपने बच्चों तक पहुंचाएं और अंतिम तिथि से पहले आवेदन कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं।





