कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या कर सिर लेकर गांव में घूमता रहा पति
चरित्र संदेह में वारदात की आशंका, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कोरबा / छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर गांव में घूमता रहा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में चरित्र संदेह को इस जघन्य अपराध की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। आरोपी गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में काम करता था, जहां वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं, इस वारदात से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह खबर प्रारंभिक जानकारी और पुलिस सूत्रों पर आधारित है। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।





