किराए पर जेसीबी-हाइवा लेकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 1 जून 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराए पर भारी वाहन लेकर फरार हो जाने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, एक महंगा मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इस प्रकार की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
ऐसे की गई ठगी
मामले के प्रार्थी प्रदीप कुमार कोसले निवासी पिपरसत्ती ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी जेसीबी मशीन क्रमांक CG 10 CC 8743 को किराए पर देने के लिए कुछ लोगों से संपर्क किया था। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये प्रतिमाह किराया तय कर 50 हजार रुपये अग्रिम देने का झांसा दिया और जेसीबी लेकर फरार हो गए।
वाहन ले जाने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए तथा जेसीबी में लगा जीपीएस भी निकाल दिया। जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर मिलने पर ठगी का पता चला।
जांच में सामने आया बड़ा नेटवर्क
थाना अकलतरा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे किरायानामा या फर्जी खरीद-बिक्री के दस्तावेज तैयार कर वाहन अपने कब्जे में लेते थे और बाद में दूसरे राज्यों में बेच देते थे। कई मामलों में वाहनों के नंबर भी बदल दिए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर, बिलासपुर और अन्य क्षेत्रों से जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर लेकर उन्हें मध्यप्रदेश में बेच दिया था।
जबलपुर से पकड़ा गया मास्टरमाइंड
पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड भरत गुप्ता और उसके सहयोगी शिवम जायसवाल को जबलपुर से गिरफ्तार किया। भरत गुप्ता के खिलाफ पहले भी जेसीबी ठगी का मामला दर्ज है। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई जेसीबी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- तीरथराज कुर्रे (21 वर्ष), बिलासपुर
- राहुल खांडे (24 वर्ष), बिलासपुर
- सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), अकलतरा
- शिवम जायसवाल (28 वर्ष), जबलपुर
- भरत गुप्ता (47 वर्ष), बिलासपुर/जबलपुर
बरामद सामग्री
- 02 जेसीबी मशीन
- 01 हाइवा वाहन
- 01 टाटा सफारी
- सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को वाहन किराए पर देने से पहले उसका पूरा सत्यापन करें। साथ ही वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में वाहन की लोकेशन का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





