Janjgir Champa: गैंगरेप के 4 दोषियों को 20-20 साल की सजा, पुलिस की सटीक जांच से पीड़िता को मिला न्याय
निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता की उत्कृष्ट विवेचना, नेपाल भागने की फिराक में आरोपियों को कोरबा के जंगल से पकड़ा गया

फास्ट ट्रैक कोर्ट का बड़ा फैसला
जांजगीर-चांपा, 09 अप्रैल 2026। जिले में हुए एक गंभीर गैंगरेप मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चारों आरोपियों को 20-20 साल के सश्रम कारावास और 50-50 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। इस मामले में पुलिस की सटीक और त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को न्याय मिला है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मई 2025 को थाना चांपा क्षेत्र में हुई थी। आरोपियों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना के समय पीड़िता अपने पिता के साथ घर पर थी। आरोपी पहले से परिचित थे और उसी दिन घर पर भोजन करने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
पिता के सो जाने के बाद चारों आरोपियों ने युवती को जबरन दूसरे कमरे में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़िता की मां ने थाना चांपा में दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच और कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का फोरेंसिक जांच कराया। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, मोबाइल टावर लोकेशन के जरिए आरोपियों की मौजूदगी साबित की
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कोरबा जिले के करतला क्षेत्र के घने जंगलों से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट का फैसला
पुलिस द्वारा मजबूत साक्ष्य पेश किए जाने के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट ने मामले में त्वरित सुनवाई करते हुए चारों आरोपियों को 20-20 साल की सश्रम कारावास साथ ही प्रत्येक दोषियों पर 50,000 रुपये का जुर्माना की सजा सुनाई।
पुलिस की भूमिका
इस मामले में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्कृष्ट विवेचना की। वहीं, जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
आरोपियों के नाम
- मनोज कुमार पटेल (कोरबा)
- नरेंद्र कुमार पटेल (कोरबा)
- रामकुमार पटेल (कोरबा)
- धरम चौहान (नागरदा, जिला सक्ती)
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कोर्ट के सख्त फैसले से न केवल पीड़िता को न्याय मिला है, बल्कि आम जनता में कानून और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।





