छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: बुड़हीन माई मंदिर मुकुट चोरी का खुलासा, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

कोटमीसोनार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चांदी के मुकुट और सब्बल बरामद

जांजगीर-चांपा / जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ीदल्हा स्थित बुड़हीन माई मंदिर में हुई मुकुट चोरी की घटना का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। कोटमीसोनार पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चांदी के दो मुकुट और घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।

मंदिर का ताला तोड़कर की थी चोरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 फरवरी 2026 को प्रार्थी शैलेश कुमार सिदार ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर द्वारा बुड़हीन माई मंदिर का ताला तोड़कर लगभग 10 तोला वजनी चांदी के दो मुकुट चोरी कर लिए गए हैं।

रिपोर्ट के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 75/2026, धारा 331(4), 305(घ) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित जांच की।

संदेह के आधार पर राहुल कुमार पिता अभिमन्यु, उम्र 18 वर्ष 06 माह, निवासी वार्ड क्रमांक 01, टिकरी पारा, पोड़ीदल्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।

मेमोरेंडम पर हुई बरामदगी

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के दो मुकुट एवं लोहे का छोटा सब्बल बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई से लोगों में भरोसा

अकलतरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button