छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS : जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाला आदतन अपराधी गोलू दीवान गिरफ्तार, परिजनों से की मारपीट

 

जांजगीर-चांपा पुलिस ने की सख्त कार्रवाई: जिला बदर अपराधी गोलू दीवान गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा / जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र में आदतन अपराधी रजत दीवान उर्फ गोलू दीवान के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। गोलू दीवान को जिला बदर किए जाने के बावजूद भी वह अपने घर पर पहुंचा और परिजनों के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने लगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू हुई।

दरअसल, थाना बम्हनीडीह क्षेत्र के रहने वाले आदतन अपराधी रजत दीवान उर्फ गोलू दीवान को जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा 30 मई 2025 को जिला बदर घोषित किया गया था। उसे जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों – रायगढ़, सक्ती, कोरबा, और बलौदा बाजार में प्रवेश करने से रोक दिया गया था। बावजूद इसके, गोलू दीवान ने 23 सितंबर 2025 की रात को अपने घर में घुसकर परिजनों से गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने धारदार लोहे का कत्ता लेकर अपनी पत्नी और सास-ससुर को मारने की कोशिश की।

पीड़िता सुषमा दीवान ने थाना बम्हनीडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि गोलू दीवान ने रात करीब 10 बजे उनके साथ मारपीट की। बचाव में उनकी सास को भी चोटें आईं। दोनों ने किसी तरह रूम में जाकर दरवाजा बंद किया, वरना गोलू दीवान उन्हें कत्ते से मारकर गंभीर रूप से घायल कर सकता था।

सुषमा दीवान की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351 (2), 115 (2), बी.एन.एस. 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। थाना बम्हनीडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलू दीवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगामी जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button