
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र के अर्जुनी गांव में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जांजगीर-चांपा / जिले के अकलतरा क्षेत्र स्थित अर्जुनी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार सहित ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान अर्जुनी निवासी अशोक रात्रे की बेटियों 9 वर्षीय मुस्कान रात्रे और 8 वर्षीय श्रुति रात्रे के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां दोपहर के समय अपनी दादी के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब में गई थीं। बताया जा रहा है कि दादी तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बहनें पास में खेल रही थीं।
खेलते-खेलते दोनों बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गईं। पानी अधिक होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सकीं और डूबने लगीं। कुछ समय बाद जब बच्चियां नजर नहीं आईं तो उनकी दादी ने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का पता नहीं चला तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार और अकलतरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद अर्जुनी गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की अचानक मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर ओर इस हादसे की चर्चा हो रही है और लोग इसे बेहद दुखद घटना बता रहे हैं।





