जांजगीर-चांपा पुलिस अलर्ट: होटल, ढाबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चला विशेष चेकिंग अभियान, 6 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान होटल, ढाबा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान अवैध शराब बिक्री के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 64 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और 132 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की है।

पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न ढाबों में अवैध शराब बिक्री और शराब पिलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

थाना मुलमुला पुलिस ने 22 लीटर कच्ची महुआ शराब और 82 पाव देशी प्लेन शराब के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना पामगढ़ पुलिस ने 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा। वहीं थाना बम्हनीडीह पुलिस ने 7 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना बलौदा पुलिस ने 15 लीटर कच्ची महुआ शराब और 41 पाव देशी प्लेन शराब के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।





