Janjgir Champa: हाईवे पर राहगीरों से लूट का खुलासा, 24 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-नकदी और हथियार बरामद

जांजगीर-चांपा के सारागांव थाना पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूट करने वाले दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, नकदी, चाकू और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया।
जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर राहगीरों से लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया अपने साथी के साथ 16 जुलाई 2026 को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही आगे बढ़े, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा करीब 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर थाना सारागांव में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेन्द्र कुमार धारिया निवासी डेरागढ़ (जिला सक्ती) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित सारागांव थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





