Crime

Janjgir Champa: 48 घंटे में तीन मंदिरों की 16.60 लाख की चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

जांजगीर-चांपा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन मंदिरों में हुई 16.60 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी गया पूरा सोना-चांदी का सामान, इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

जांजगीर-चांपा, 5 अगस्त 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के तीन मंदिरों में हुई करीब 16.60 लाख रुपये की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है। पुलिस ने चोरी गया सोना-चांदी का पूरा सामान (100 प्रतिशत) बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 1 और 2 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया था। बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से चांदी के दो छत्र, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर से चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी तथा ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर से चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया था। इन घटनाओं के बाद थाना नवागढ़ और बम्हनीडीह में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) स्वयं घटनास्थल पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ तथा बम्हनीडीह पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार लोगों की गतिविधियां सामने आईं। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का सामान पामगढ़ थाना क्षेत्र के घुटिया गांव स्थित आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने वारदात से एक दिन पहले योजना बनाकर चोरी को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़

इसके अलावा एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक की भी मामले में संलिप्तता सामने आई है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना नवागढ़, थाना बम्हनीडीह तथा साइबर टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button