IPL मैच पर सट्टा लगाते युवक को जांजगीर पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोबाइल में मिला बेटिंग ऐप

जांजगीर-चांपा, 1 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। सायबर थाना और सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद किशोर धीवर (24 वर्ष) निवासी घूरकोट, थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसमें सट्टा लगाने से संबंधित एप्लीकेशन मिली है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात और आरबीसी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच में एक व्यक्ति हार-जीत पर रुपये लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलने के बाद सायबर थाना और कोतवाली पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी आनंद किशोर धीवर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने की बात स्वीकार कर ली।
मोबाइल जांच में मिला सट्टा एप
पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर उसमें ऑनलाइन सट्टा लगाने वाली एप्लीकेशन मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर सट्टा गतिविधियों में शामिल था।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 403/2026 दर्ज किया है। आरोपी पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि जिले में सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी या जुआ संबंधी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।





