पीपल पेड़ तले लगी CM साय की चौपाल, खाट पर बैठकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद; कोसला गांव को मिली बड़ी सौगात

जांजगीर-चांपा, 16 मई 2026। विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव की चौपाल में मुख्यमंत्री का बेहद सादगीपूर्ण अंदाज नजर आया, जब वे पीपल के पेड़ की छांव तले खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते दिखाई दिए।

मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से बातचीत कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने पटवारी की नियमित उपस्थिति को लेकर भी सवाल किया। ग्रामीणों से सकारात्मक जवाब मिलने पर उन्होंने पटवारी शत्रुघ्न कुर्रे को किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।

चौपाल के दौरान ग्राम कोसला की सावित्री कश्यप ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने नियमित सहायता राशि मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। वहीं “लखपति दीदी” नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और अब गांव में उनकी पांच आटा चक्कियां संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि ग्राम कोसला में पिछले ढाई वर्षों में 474 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आवास प्लस सर्वे के जरिए छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा भी की। इन घोषणाओं से गांव की महिलाओं और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।
इस दौरान वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





