करही गोलीकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पुलिस ने पिस्टल समेत दबोचा

जांजगीर-चांपा, 27 मई 2026। जिले के बहुचर्चित करही गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने “ऑपरेशन हंट” के तहत हत्या के मुख्य साजिशकर्ता गणपत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में TECHINT और HUMINT से मिली जानकारी ने अहम भूमिका निभाई।
उधारी विवाद, रेत कारोबार और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक आयुष कश्यप और आरोपियों के बीच लंबे समय से उधारी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन और बिक्री के कारोबार में प्रतिस्पर्धा के कारण आरोपियों के मन में द्वेष और जलन की भावना पैदा हो गई थी।
मुख्य आरोपी गणपत बघेल ने पूछताछ में बताया कि उसने हाईवा और जेसीबी मशीन लोन पर खरीदी थी और उनकी किस्त चुकाने के लिए अवैध रेत परिवहन का काम करता था। वहीं आयुष कश्यप कम कीमत में रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हो रहा था।
आरोपी ने यह भी बताया कि आयुष कश्यप रेत घाटों में जबरन लोडिंग करता था और कई बार राजस्व विभाग की टीम बुलाकर वाहनों को पकड़वाने की धमकी देता था। इससे आरोपी मानसिक तनाव और आक्रोश में था।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना की रात आरोपी पहले से मृतक के घर के आसपास मौजूद थे। सीसीटीवी कैमरा तोड़ने के बाद आरोपी घर में घुसे और पहले मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बीच-बचाव करने आए उसके छोटे भाई को भी गोली मार दी गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले में पहले ही हेमंत कुमार बघेल, भूषण बघेल और अमित टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता गणपत बघेल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश रचने और अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





