Crime

प्रेमिका से नहीं मिल पाया नाबालिग, गुस्से में 28 कारों में की तोड़फोड़ और चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेमिका से नहीं मिल पाने पर नाराज नाबालिग ने साथियों के साथ 28 कारों में तोड़फोड़ की और 11 वाहनों से चोरी की। पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका से मुलाकात नहीं हो पाने से नाराज एक नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई गांवों में खड़ी कारों को निशाना बनाया। आरोपियों ने 28 कारों के शीशे तोड़ दिए और 11 वाहनों से नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में 2 नाबालिगों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 और 11 मई की दरम्यानी रात मालखरौदा और जैजैपुर थाना क्षेत्र के काशीगढ़, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित कई गांवों में खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए गए। आरोपियों ने वाहनों से पर्स, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना समेत करीब 47 हजार रुपये मूल्य का सामान भी चोरी कर लिया।

घटना के बाद मालखरौदा थाना में 6 और जैजैपुर थाना में 5 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टॉवर डंप के जरिए करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खरसिया और रायगढ़ में दबिश दी गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को खरसिया रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह दिल्ली भागने की तैयारी में था।

पूछताछ में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कारों में तोड़फोड़ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 4 हजार रुपये नकद, 5 जैक, 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर और 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button